फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा स्थित शहीद गुरदास राम मेमोरियल सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल में करीब 10 लाख रुपये की लागत से बने शानदार मेन गेट का उद्धघाटन विधायक नरेश कटारिया ने किया। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य शंकर कटारिया भी उपस्थित थे। यह स्कूल प्रिंसिपल राकेश शर्मा के बड़े भाई और नगर परिषद जीरा के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय गुलशन शर्मा की याद में उनके परिवार और समाज सेवी संस्थाओं के सहयोग से बनाया गया है। प्रिंसिपल राकेश शर्मा की अगुवाई में आयोजित समारोह के दौरान विधायक कटारिया ने संबोधित करते हुए कहा कि यह मेन गेट सिर्फ एक ढांचा नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की जीती-जागती निशानी है। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण काम स्वर्गीय गुलशन शर्मा के परिवार और शहर की अलग-अलग समाज सेवी संस्थाओं के सहयोग से सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस तरह की पहल समाज की नई दिशा तय करती है और सरकार भी शिक्षा के विकास के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। प्रिंसिपल राकेश शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि “मेरे भाई की सोच हमेशा समाज और शिक्षा से जुड़ी रही। आज यह गेट स्टूडेंट्स के लिए नए सपनों और आत्मविश्वास का दरवाजा साबित होगा।