दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने वीरवार को फगवाड़ा के बंगा रोड स्थित शिरोमणि विश्वकर्मा मंदिर में नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। उनके साथ दिल्ली इकाई के कार्यकारी सदस्य आदिल अहमद खान और पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक भी थे। मंदिर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष प्रदीप धीमान और उपाध्यक्ष गुरमुख सिंह नामधारी सहित श्री विश्वकर्मा धीमान सभा और श्री विश्वकर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट अस्पताल के सभी सदस्यों ने मनीष सिसोदिया और उनके साथ पधारे गणमान्यों का स्वागत किया। प्रधान प्रदीप धीमान ने उन्हें मंदिर के इतिहास और ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे चैरिटेबल अस्पताल के बारे में बताया। मनीष सिसोदिया ने समिति के कार्यों की सराहना की। मंदिर में 22 और 23 अक्तूबर को मनाए जाने वाले 115वें वार्षिक महोत्सव की शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर हलका सांसद डा. राजकुमार चब्बेवाल, पूर्व मंत्री जोगिन्द्र सिंह मान, आप पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और फगवाड़ा हलका इंचार्ज हरनूर सिंह हरजी मान, मेयर रामपाल उप्पल, आप पार्टी के जिला प्रधान सरबजीत सिंह लुबाना, इंप्रूवमैंट ट्रस्ट चेयरमैन जरनैल नंगल, नगर निगम के डिप्टी मेयर विक्की सूद, गुरदीप दीपा, सतीश जैन के अलावा एसपी माधवी शर्मा, डीएसपी भारत भूषण और एसडीएम फगवाड़ा जशनजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।