नशे के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत मोगा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए स्टाफ मोगा और थाना धर्मकोट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ सहित तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी डी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मोगा सी आई ए स्टाफ पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि इलाके में हेरोइन की एक बड़ी खेप की सप्लाई होने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी कर जाल बिछाया शक के आधार पर गुरजीत सिंह उर्फ पीली निवासी गांव ठूठगढ़ को रोककर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 1 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के नाम उजागर किए, जिसके आधार पर पुलिस ने साजन कुमार निवासी जिला फिरोजपुर और रमन सिंह उर्फ अजय निवासी जिला फिरोजपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि इस नशा तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाया जा सके। उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य बड़े तस्करों का भी खुलासा हो सकता है।