थाना सिटी पुलिस ने बाइक चोरी करने और राहगीरों से मोबाइल फोन छीनने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 बाइकें और सात मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों को बॉर्डर रोड स्थित एक खंडहर शैलर के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम निवासी इंदिरा कॉलोनी, सन्नी, पीपल सिंह निवासी गांव ढाबी गणेश वाला तथा छिंदर सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से शहर और आसपास के क्षेत्रों में बाइक चोरी और राहगीरों से मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बरामद की गई 12 बाइकें और सात मोबाइल के संबंध में पुलिस रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, ताकि इनके असली मालिकों का पता लगाकर सामान उन्हें वापस सौंपा जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से तो नहीं है और उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। थाना सिटी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।