मोगा के कोट ई सेखां थाना पुलिस ने अवैध माइनिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लिया है। वहीं फॉर्च्यूनर सवार तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि कोट ई सेखां मेन चौक पर नाकाबंदी के दौरान इन वाहनों को रोका गया। जांच में जब रेत की सरकारी पर्ची मांगी गई तो आरोपियों ने जाली पर्ची दिखाई। पूछताछ में पता चला कि ये लोग रात के समय चेकिंग से बचने के लिए पुरानी पर्चियों की फोटोकॉपी दिखाते थे, जिससे सरकार को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा था। आरोपियों की पहचान गुरजंट सिंह, अमनदीप सिंह और सुखवंत सिंह (सभी निवासी बाजेके, मोगा) के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहनों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।