मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में रविवार देर रात हुई फायरिंग में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। दो घायलों की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने भारी संख्या में फोर्स तैनात कर पूरे इलाके को सील कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक दोनों युवकों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।