हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को फरीदकोट जिले के सादिक स्थित अनाज मंडी में आयोजित अखिल भारतीय समस्त डीएनटी समाज संगठन के सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विमुक्त जातियों और कबीलों का सामाजिक व आर्थिक उत्थान भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर समाज की सभी लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भाजपा की नीति है। उन्होंने कहा कि वर्षों से उपेक्षित वर्गों को न्याय दिलाने और उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचाने के लिए पार्टी लगातार प्रयास कर रही है। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह देसू जोधा ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने उनके समाज को मिलने वाले 2 प्रतिशत आरक्षण का लाभ बंद कर उनके साथ नाइंसाफी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे समाज के युवाओं और जरूरतमंद परिवारों को शिक्षा तथा सरकारी नौकरियों में मिलने वाले अवसर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मांग की कि समाज को पहले की तरह आरक्षण का लाभ बहाल किया जाए और उनकी अन्य लंबित मांगों का भी जल्द समाधान किया जाए।