फिरोजपुर के विधानसभा हलका गुरुहरसहाय में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक हलवाई की दुकान पर छापेमारी कर 15 क्विंटल से अधिक मिठाई पकड़ी है। विभाग की टीम ने मिठाइयों के सैंपल भरकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। दुकान से पाउडर के कई बैग भी बरामद हुए हैं। टीम के पहुंचने पर पाउडर से तैयार किया जा रहा दूध नाली में फेंक दिया गया। टीम ने इसकी फोटो भी खींची है। फूड सेफ्टी विभाग के इंस्पेक्टर अभिनव कुमार ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि दुकान पर नकली पनीर पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने दुकान पर दबिश दी तो वहां बड़ी मात्रा में तैयार मिठाई देखकर टीम हैरान रह गई। उन्होंने बताया कि मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। लैब से रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और मिठाई को नष्ट करवाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में तैयार की गई मिठाई को रक्षाबंधन के त्योहार पर बाजार में बेचने की तैयारी थी। विभाग की कार्रवाई के बाद दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया है।