फिरोजपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान गैंगस्टर (अब समाजसेवी की राह पर निकले) चंदन उर्फ चंदू की गाड़ी रोककर तीन बाहरी हथियारबंद व्यक्तियों को काबू किया है। उसके बाद रविवार चंदू के समर्थकों ने शहीद ऊधम सिंह चौंक पर पंजाब पुलिस के खिलाफ धरना दिया। थाना सिटी पुलिस ने थाने का मुख्य गेट बंद कर दिया और प्रदर्शनकारी व चंदू बाहर खड़े रहे। चंदू ने कहा कि उसके साथ और उनके उम्मीदवारों को परेशान किया जा रहा है। चंदू ने कहा कि मेरे तीन जिन साथियों को पकड़ा है, उनके पास लाइसेंसी हथियार थे। पुलिस धक्का कर रही है। जब चंदू से पूछा गया कि पुलिस कह रही है कि चंदू गैंगस्टर है, तो चंदू ने कहा कि लोगों की सेवा करना गैंगस्टर है तो मुझे गैंगस्टर समझों। चंदू ने फिरोजपुर के कांग्रेसी, भाजपा व आप के नेताओं की पोल खोलते हुए कहा कि मेरे पास सबूत है ये लोग मुझे अपने ग्रुप में शामिल करने की मिन्नतें करते रहे हैं। समर्थकों ने शहीद ऊधम सिंह चौंक पर पुलिस के खिलाफ धरना देकर रोष प्रदर्शन किया। इससे लोगों का यातायात प्रभावित हुआ है। उधर, एसपी (डी) मनजीत सिंह ने कहा कि चंदू की गाड़ी से हथियारबंद तीन बाहरी व्यक्तियों को काबू किया है। पूछताछ की जा रही है। नगर काउंसिल चुनाव में किसी भी व्यक्ति को हथियार लेकर चलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सभी वाहनों की चेकिंग की जा रही है। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से किए जाएंगे। गुंडागर्दी किसी भी व्यक्ति को करने नहीं देंगे। पूरे इलाके में पुलिस की गश्त चल रही है।