पठानकोट-जम्मू नेशनल हाइवे मलिकपुर निकट एक ऑटो और टिप्पर की टक्कर में करीब 8 लोग घायल हुए हैं। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग इक्ठ्ठा हुए और ऑटो में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला। जिसके बाद घायलाें को नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती करवाया। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया है और पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ऑटो में सवार एक व्यक्ति ने कहा कि वे ऑटो में सवार होकर भड़ोली से सिहोड़ा सुंदरचक्क तरफ जा रहा था और ऑटो में ड्राइवर सहित करीब 8 लोग मौजूद थे। जब ऑटो मलिकपुर निकट पहुंचा तो अचानक टिप्पर के साथ टक्कर हो गई। जिससे ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए। इस हादसे की वजह से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घायलों को निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इस हादसे में गलती किसकी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।