आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम के फगवाड़ा इंचार्ज दलजीत सिंह राजू दरवेश पिंड ने हाल ही में निर्वाचित हुए सभी ब्लॉक समिति सदस्यों को एसडीएम कार्यालय में निर्वाचन संबंधी सर्टीफिकेट हासिल करने के अवसर पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने ब्लाक समिति सदस्य देसराज झमट, सिमर कुमार, राजिंदर कौर, गुरप्रीत सिंह लाडी, अजय कुमार, दविंदर सिंह, कमलेश कौर का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जनता ने आप सभी पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। दलजीत सिंह राजू ने कहा कि ब्लॉक समिति ग्रामीण विकास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सड़क , पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने नव-निर्वाचित सदस्यों से अपील की कि वे बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में ब्लॉक समिति सदस्यों की भूमिका बेहद अहम है।