नंगल के वार्ड नंबर 13 के तहत गांव बरारी में लंबे समय से गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़क को नया रूप देने के लिए सड़क पर प्रीमिक्स डालने का काम शुरू हुआ। इस मौके पर नंगल नगर काउंसिल के चेयरपर्सन किरन बाला, सीनियर उपाध्यक्ष रमेश महाशा, वार्ड के पार्षद हरदीप सिंह संधू, पार्षद लवली आंगरा सहित बड़ी संख्या में वार्ड निवासी मौजूद रहे। पार्षद हरदीप सिंह बरारी ने कहा कि काउंसिल चुनाव के दौरान उन्होंने वार्ड निवासियों से वादा किया था कि सबसे पहला काम गांव बरारी की सड़क को निर्माण करवाना होगा। पार्षद लवली आंगरा ने इस सड़क के निर्माण के लिए शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि शहर की सड़कों, पीने के पानी की समस्या को खत्म करना और क्षेत्र वासियों को स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शुमार होगा। काउंसिल के सीनियर उपाध्यक्ष रमेश महाशा ने कहा कि पूरे क्षेत्र का विकास बिना किसी भेदभाव से करवाया जाएगा। गांव बरारी में दो सड़कों का निर्माण 56 लाख से करवाया जा रहा है।