पांच दिन पहले कोटकपूरा रोड से फ्लिपकार्ट कंपनी के कर्मचारी से दिनदहाड़े सवा चार लाख रुपये की नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए कंपनी के ही एक डिलीवरी बॉय ने साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई लगभग पूरी रकम बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, बीती 21 अक्टूबर 2026 को कंपनी का कर्मचारी विक्रमजीत सिंह कार्यालय से नकदी से भरा बैग लेकर बैंक में जमा करवाने जा रहा था। कोटकपूरा रोड पर कार्यालय से कुछ दूरी पर बाइक सवार दो युवकों ने उसके स्कूटर को टक्कर मारकर गिरा दिया और बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसपी इन्वेस्टिगेशन नरेंद्र सिंह के मुताबिक, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर सीआईए स्टाफ और थाना सिटी पुलिस की टीम ने मानवीय खुफिया जानकारी तथा तकनीकी जांच के आधार पर तीन आरोपियों फरीदकोट निवासी बिक्रमजीत सिंह, गुरजोत सिंह और मनीष कुमार को गिरफ्तार किया। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपियों में शामिल गुरजोत सिंह फ्लिपकार्ट कार्यालय में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। आरोप है कि उसने कर्मचारी के बैंक जाने और नकदी साथ होने की जानकारी अपने साथियों को दी थी। इसके बाद दोनों साथियों ने रास्ते में कर्मचारी को टक्कर मारकर नकदी वाला बैग छीन लिया। पुलिस के अनुसार इनके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।