मोगा सदर पुलिस थाने में विस्फोट के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। सूत्रों से पता चला है कि ये कोई मामूली ब्लास्ट नहीं था। थाने के अंदर ग्रेनेड फेंका गया था ग्रेनेड लो का क्वालिटी होने के कारण कोई नुकसान नहीं हुआ। मोगा के एसएसपी गुरबांस सिंह बैंस ने जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यह कोई ग्रेनेड हमला नहीं, बल्कि एक मामूली ब्लास्ट है। उन्होंने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम इस बात की जांच कर रही है कि विस्फोट किस चीज से हुआ। एसएसपी ने कहा कि जांच अभी जारी है और यह इन्वेस्टिगेशन का हिस्सा है, इसलिए फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता से अपना काम कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।