पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच कांग्रेस संगठन की अंदरूनी कलह को खत्म करने और पार्टी को एकजुट करने की कोशिश में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत राहुल गांधी की पंजाब में बस यात्रा प्रस्तावित है। यात्रा सितंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकती है, हालांकि अभी तारीख तय नहीं हुई है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात के बाद बताया कि बस यात्रा की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें यात्रा की प्लानिंग और शेड्यूल तैयार करने के लिए करीब एक सप्ताह का समय दिया गया है। इसके बाद यात्रा की तारीख तय होगी। पार्टी स्तर पर इस यात्रा को 'पंजाब बचाओ यात्रा' नाम देने और इसकी शुरुआत अमृतसर से करने की तैयारी है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी के श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद माझा, दोआबा और मालवा के इलाकों में करीब 135 किलोमीटर का सफर कर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से संवाद की योजना है।