शहर के पॉश इलाके फेज-5 में सोमवार देररात लुटेरों ने घर में घुसकर पूर्व एडिशनल एडवोकेट जनरल कृष्ण कुमार गोयल की पत्नी 66 साल की अशोक कुमारी की गला घोंटकर हत्या कर दी और नकदी व गहने लूटकर ले गए। घटना के वक्त घर में अशोक कुमारी और 12 साल से उनके घर में काम करने वाला नौकर था। कृष्ण कुमार गोयल मस्कट में अपनी बड़ी बेटी के पास गए हुए हैं। घटना का खुलासा मंगलवार सुबह उस समय हुआ, जब अशोक कुमारी के घर पर काम करने वाली नौकरानी पहुंची। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उसने पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो अंदर अशोक कुमारी का शव पड़ा था, जबकि नौकर बंधा हुआ था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नौकर की भूमिका संदिग्ध पाते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कृष्ण कुमार गोयल पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में वकालत करते हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात सुनियोजित तरीके से लूट के इरादे से की गई। पड़ोसियों के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में सोमवार रात करीब 11.40 बजे दो नकाबपोश युवक पैदल घर के भीतर दाखिल होते दिखाई दिए। करीब पौने घंटे बाद वही दोनों आरोपी हाथ में बैग लेकर घर से बाहर निकलते हुए कैमरे में कैद हुए। पूछताछ में पता चला है कि लुटेरों ने सबसे पहले घर में मौजूद घरेलू नौकर को बांधा और उसके बाद अशोक कुमारी की हत्या कर लूट को अंजाम दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है।