बिल्डिंग बायलॉज, वैट नोटिसों और OTM सिस्टम लागू करने सहित तमाम मांगों को लेकर चंडीगढ़ व्यापार मंडल जल्द ही राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात करेगा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि सभी बाज़ारों के प्रधानों के साथ बैठक कर समस्याओं पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। चंडीगढ़ में करीब 35,000 छोटे-बड़े दुकानदार हैं, जो बिल्डिंग बायलॉज के नोटिसों से बेहद परेशान हैं। इसके अलावा 2016 में खत्म हो चुके वैट के नोटिसों का निस्तारण अब तक नहीं हो पाया है। व्यापारी लंबे समय से इन मामलों में एकमुश्त समाधान योजना लागू करने की मांग कर रहे हैं। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग अब व्यापारियों के बैंक अकाउंट सीज़ करने तक पहुंच गया है, जिससे कारोबारी वर्ग में भारी रोष है।