चंडीगढ़ में शिक्षा व्यवस्था का एक चिंताजनक चेहरा सामने आया है। चंडीगढ़ में कुल 115 सरकारी स्कूल हैं, जिनमें से 44 सीनियर सेकेंडरी स्तर तक अपग्रेड किए जा चुके हैं। लेकिन हकीकत यह है कि कई स्कूल बिना प्रिंसिपल और विषय विशेषज्ञ लेक्चररों के चल रहे हैं। विभाग ने स्कूलों को 12वीं तक तो कर दिया मगर आवश्यक पद न तो सृजित हुए और न ही सभी विषयों के शिक्षक नियुक्त किए गए। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। जीएमएसएसएस सेक्टर-39, जीएसएसएस कैंबवाला, जीएमएसएसएस-56, जीएमएसएसएस-45सी, जीएमएसएसएस-28, जीएमएसएसएस मलोया और मौलीजागरां के सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल की पोस्ट ही नहीं है। इन स्कूलों को अपग्रेड कर 12वीं तक बना दिया गया लेकिन न तो प्रिंसिपल हैं और न ही 11वीं, 12वीं कक्षा को पढ़ाने के लिए पूरे लेक्चरर। हालांकि, कुछ दिन पहले प्रमोशन कर 9 प्रिंसिपल लगाए हैं लेकिन इनमें प्रिंसिपल की पोस्ट ही नहीं है। इसके अलावा खुड्डा लाहौरा स्कूल समेत कई स्कूलों में लेक्चरर पूरे नहीं हैं। सेक्टर-39 के स्कूल में इतिहास और हिंदी के लेक्चरर नहीं हैं। केवल अंग्रेजी का एक लेक्चरर है। बाकी विषयों की कक्षाएं नियमित रूप से नहीं लग पा रहीं। इसी तरह कैंबवाला के स्कूल में करीब 1500 विद्यार्थी पढ़ते हैं और स्कूल डबल शिफ्ट में चल रहा है। यहां लगभग 80 कर्मचारी तैनात हैं लेकिन फिजिकल एजुकेशन, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री के लेक्चरर नहीं हैं। 11वीं-12वीं की कक्षाएं जेबीटी शिक्षक संभाल रहे हैं। दो साल पहले नियुक्त हुए नए शिक्षकों से प्रबंधन संबंधी कार्य भी लिया जा रहा है जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वर्ष 2021 में यहां से प्रिंसिपल का पद रायपुर कलां स्थानांतरित कर दिया गया था। तब से यह स्कूल स्थायी प्रिंसिपल के बिना चल रहा है। स्थानीय पार्षद ने विभागीय अधिकारियों के समक्ष समस्या उठाई लेकिन जवाब मिला कि परीक्षाओं के बाद समाधान किया जाएगा।