अमृतसर के जहाजगढ़ इलाके में एक दुकान के बाहर गाड़ियां खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि मामला दुकान के कब्जे से जुड़ा है, जो लंबे समय से अदालत में चल रहा था। एक पक्ष के ओम प्रकाश गब्बर ने दावा किया कि अदालत का फैसला उनके हक में आ चुका है, लेकिन दूसरे पक्ष ने जबरन कब्जा करने की कोशिश की और दुकान के ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। उनका कहना है कि इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। वहीं, दूसरे पक्ष की नेहा खोसला ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गब्बर परिवार गुंडागर्दी कर रहा है और पुलिस की मौजूदगी में जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके पास अदालत का स्टे ऑर्डर है, इसके बावजूद दबाव बनाया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि पहले से दर्ज एक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम पहुंची थी। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा कि शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।