अमृतसर देहाती के थाना भिंडी सैदां के एसएचओ शशपाल सिंह को 2 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किए जाने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी को अजनाला की अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 1 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में एसएचओ शशपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। मामला सामने आते ही पुलिस के उच्च अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसी थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं, अजनाला के विधायक कुलदीप सिंह ढालीवाल ने कहा कि पंजाब में नशे के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिस अधिकारी ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। ढालीवाल ने यह भी कहा कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हो रही तस्करी को रोकने के लिए केंद्र सरकार को सीमा क्षेत्रों में एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने चाहिए।