शहर के तरनतारन रोड स्थित डेरा कार सेवा संत भूरी वालों में संत बाबा जैमल सिंह, संत बाबा गुरदियाल सिंह, बाबा नामदेव सिंह और बीबी हरजिंदर कौर की वार्षिक याद को समर्पित धार्मिक समागम करवाया जा रहा है। इसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में संगत और संत-महापुरुष शामिल हुए। समागम के दौरान गुरबाणी, गुरमत विचारों और सेवा-सिमरन के माध्यम से गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से जुड़ने का संदेश दिया गया। डेरा कार सेवा संत भूरी वालों के बाबा कश्मीर सिंह भूरी वालों ने कहा कि यह समागम सेवा और सिमरन को समर्पित महापुरुषों की याद में श्रद्धा और प्रेम के साथ करवाया जा रहा है। देश-विदेश से पहुंच रही संगत और संत-महापुरुष समागम की शोभा बढ़ा रहे हैं। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने भी शिरकत की। उन्होंने सिख संस्थाओं के प्रबंधन में लोकतांत्रिक अधिकारों और विभिन्न संप्रदायों को उचित प्रतिनिधित्व देने की जरूरत पर जोर दिया।