अमृतसर में बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी कड़ी में अमृतसर पुलिस ने जीआरपी के साथ मिलकर अमृतसर रेलवे स्टेशन पर सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग क्षेत्र और आने-जाने वाली ट्रेनों की गहन जांच की गई। सुरक्षा बलों ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और यात्रियों के सामान की भी जांच की। डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की मदद से हर कोने को खंगाला गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान एहतियातन चलाया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और यात्रियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।