अमृतसर में आम आदमी पार्टी के पंजाब मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारत–अमेरिका ट्रेड समझौते पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने इसे पंजाब समेत देश के किसानों के लिए घातक बताया। धालीवाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ इस डील की सराहना कर रहे हैं, लेकिन अब तक न तो प्रधानमंत्री ने संसद में और न ही प्रेस वार्ता में इसका वास्तविक ड्राफ्ट सार्वजनिक किया है। उन्होंने दावा किया कि समझौते के तहत अमेरिकी कृषि उत्पादों पर भारत में 0% टैक्स लगेगा, जबकि भारतीय किसानों को अमेरिका में 18% टैक्स देना होगा। धालीवाल ने पूछा कि यह कैसा बराबरी का समझौता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सस्ती अमेरिकी मक्का, सोयाबीन व अन्य फसलें बिना शुल्क भारत आईं तो पंजाब सहित कई राज्यों के किसान प्रभावित होंगे। धालीवाल ने मांग की कि डील का ड्राफ्ट पंजाबी और अंग्रेजी में जारी कर किसानों के सामने रखा जाए।