अमृतसर में डीएम गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में भाजपा के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। जाखड़ पीड़ित परिवार से मुलाकात करने और अंतिम अरदास में शामिल होने अमृतसर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि एफआईआर को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है और पुलिस की कार्रवाई में विरोधाभास नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर पुलिस गिरफ्तारी की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर संबंधित व्यक्ति के सरेंडर करने के दावे किए जा रहे हैं। इसके अलावा, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल रिकॉर्डिंग जैसे अहम डिजिटल सबूतों के गायब होने पर भी सवाल उठाए गए। जाखड़ ने यह भी आरोप लगाया कि डीएम रंधावा को टॉर्चर किया गया और उनकी बेइज्जती का वीडियो बनाया गया, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा ने पीड़ित परिवार की मांग का समर्थन करते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई से जांच कराने की मांग दोहराई है। जाखड़ ने ऐलान किया कि 4 अप्रैल को अमृतसर में भाजपा की ओर से धरना दिया जाएगा और आरोपियों की गिरफ्तारी तक यह संघर्ष जारी रहेगा।