अमृतसर के थाना छेहरटा पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल .32 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार थाना छेहरटा में मुकदमा नंबर 24 दिनांक 4 फरवरी 2026 को धारा 310(4), 310(5), 3(5) बीएनएस तथा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दविंदर सिंह उर्फ कप्पल पुत्र कुलदीप सिंह निवासी श्मशान घाट के सामने, गुरु की वडाली, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस कमिश्नर अमृतसर Gurpreet Singh Bhullar के निर्देशों तथा एडीसीपी सिटी-2 और एसीपी वेस्ट कमलदीप सिंह की निगरानी में थाना छेहरटा के प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह की टीम ने कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक एएसआई जगदीप सिंह पुलिस पार्टी सहित गश्त पर थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर मिरी-पिरी मोड़ पर बिना नंबर की सिल्वर रंग की 110 ग्रैंड कार में सवार तीन युवकों—रशपाल सिंह निवासी गांव सुग्गा, जिला तरनतारन, जसकरण सिंह उर्फ जस निवासी गांव सुरसिंह, जिला तरनतारन तथा किशनजीत सिंह उर्फ किशन निवासी मकबूलपुरा, अमृतसर—को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से एक .315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था। जांच के दौरान 5 मई 2026 को फरार चल रहे दविंदर सिंह उर्फ कप्पल को भी गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल .32 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है और आरोपियों के नेटवर्क के बारे में भी पड़ताल की जा रही है।