साका ननकाना साहिब के शहीदों की स्मृति में शनिवार को गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। इस अवसर पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब के मैनेजर सरदार जसपाल सिंह ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए साका की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साका ननकाना साहिब सिख इतिहास की एक अत्यंत दुखद और महत्वपूर्ण घटना है, जिसने पूरी कौम को झकझोर दिया था। उस समय गुरुद्वारा साहिब के प्रबंध पर काबिज महंत नारायण दास अंग्रेज हुकूमत के समर्थन से संगतों को परेशान कर रहा था। 20 फरवरी 1921 को भाई लछमन सिंह धरोवाली की अगुवाई में जत्था गुरुघर को आजाद कराने पहुंचा, जहां निहत्थे सिखों पर गोलियां चला दी गईं और उन्हें बेरहमी से शहीद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि लगभग 150 से 200 सिंहों की शहादत के बाद ही गुरुद्वारा प्रबंध पंथक हाथों में आया। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से कीर्तन व अरदास समागम आयोजित किए गए। पूरे दिन दीवान हॉल में ढाडी जत्थे संगतों को इस गौरवमयी इतिहास से अवगत कराते रहे। अंत में संगतों ने शहीदों को कोटि-कोटि नमन किया।