अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हालात लगातार खराब हो रहे हैं और सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। मीडिया से बातचीत करते हुए मजीठिया ने आरोप लगाया कि पंजाब में कुछ मामलों में फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वह ऐसे कई मामलों का खुलासा करेंगे और सच्चाई जनता के सामने रखेंगे। मजीठिया ने कहा कि राज्य में अपराध और गैंगवार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।