आम आदमी पार्टी के नेता तथा ब्लॉक समिति मजीठा-2 के वाइस चेयरमैन सिकंदर सिंह खिद्दोवाली पर अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में सिकंदर सिंह और उनके साथी सुरक्षित बच गए, जबकि गोलियां उनकी बोलेरो गाड़ी को लगीं। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार सिकंदर सिंह रात करीब साढ़े नौ बजे अपने साथियों के साथ गांव रसूलपुर से लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी गांव पन्नवां और खिद्दोवाली के बीच पहुंची तो सड़क किनारे मौजूद अज्ञात व्यक्तियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अंधेरा होने के कारण हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी और वे मौके से फरार हो गए। थाना मत्तेवाल पुलिस ने मौके से तीन खोल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच फोरेंसिक तरीके से की जा रही है। पीड़ित ने दावा किया कि उसे पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। पुलिस राजनीतिक रंजिश, पुरानी दुश्मनी समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।