चंदौली जनपद से होकर गुजरने वाली गड़ई नदी के कायाकल्प और जीर्णोद्धार का कार्य गुरुवार से शुरू हो गया। रमेश जायसवाल ने विधिवत पूजा-पाठ कर परियोजना का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य किसानों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना और फसलों को नुकसान से बचाना है। भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ‘एक जनपद, एक नदी’ अभियान के तहत नदियों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसी क्रम में सिंचाई विभाग के बंधी प्रखंड द्वारा 37 किलोमीटर तक नदी की खुदाई और सिल्ट सफाई कराई जाएगी। इस कार्य के लिए 664.43 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। जिला परियोजना अधिकारी एवं जिला गंगा समिति के दर्शन निषाद ने बताया कि गड़ई नदी विंध्य पर्वत श्रृंखला से निकलकर डोंगिया, अहरौरा और हुसैनपुर जलाशयों से होते हुए लगभग 60.1 किलोमीटर की दूरी तय करती है। इसके बाद यह चंद्रप्रभा नदी में मिलती है, जो आगे चलकर कर्मनाशा नदी में समाहित हो जाती है।