नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ के अगले दिन रविवार को दिल्ली पुलिस की ओर से बयान जारी किया गया। जारी बयान में पुलिस की ओर से बताया गया कि प्रयागराज जाने वाली दो एक जैसे नामों वाली ट्रेनों के चलते यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई। इसके बाद स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हुई और भगदड़ मच गई। अधिकारियों के मुताबिक, प्लेटफार्म नंबर 16 पर प्रयागराज स्पेशल के आने की घोषणा से प्लेटफार्म नंबर 14 पर प्रयागराज एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।