प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज में कोचिंग टीचर की करतूत ने शिक्षक जैसे प्रतिष्ठित पेशे को कलंकित कर दिया। इस दरिंदे ने कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों के साथ अप्राकृतिक कृत्य किया। इतना ही नहीं शिक्षक उन छात्रों का वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल भी करता था। छात्रों का एक वीडियो लीक हो जाने पर हड़कंप मच गया। एक दो नहीं बल्कि कई पीड़ित छात्रों के परिजन थाने में पहुंचे और पुलिस में शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
बताया जा रहा है कि लगभग 25 से ज्यादा बच्चों के साथ इस प्रकार की करतूत की गई है। आरोपी शिक्षक निजी स्कूल में पढ़ाता है और एक कमरे में कोचिंग सेंटर भी चलाता है। बच्चों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। विदिशा के एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि सिरोंज में आठवीं में पढ़ने वाले बच्चे ने शिकायत की थी कि वह कोचिंग में पढ़ता था। कोचिंग खत्म हो जाने के बाद अन्य बच्चों को रवाना करने के बाद शिक्षक उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करता है। ऐसी शिकायतों के साथ अभी तक पांच बच्चे सामने आ चुके हैं। 28 वर्षीय आरोपी शिक्षक सत्यम रघुवंशी प्राइवेट स्कूल में पढ़ाता है और कोचिंग भी चलता है। पिछले कुछ महीनों के दौरान बच्चों के साथ उसने अप्राकृतिक कृत्य किया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है ।