जिले की कुरवाई विधानसभा क्षेत्र के सिहोरा गांव से एक चिंताजनक घटना सामने आई है। स्कूल जाते समय एक बच्चा लोकल ऑटो से नीचे गिर गया। पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में कैद की है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
जानकारी के अनुसार ऑटो में तय क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से एक बच्चा चलती ऑटो से नीचे गिर पड़ा। गिरने से बच्चे के सिर में चोट आई है। गनीमत रही कि उस समय पीछे से कोई अन्य वाहन नहीं आ रहा था, वरना हादसा और भी गंभीर हो सकता था। घायल बच्चा किशन पटेल बताया जा रहा है, जो कक्षा 2 का छात्र है और समर्पण पब्लिक स्कूल में पढ़ता है।
ये भी पढ़ें: नियमों की अनदेखी: राज्य सहकारी संघ में बंदरबांट,बिना टेंडर चहेती एजेंसियों को दे डाले गार्ड-श्रमिकों के ठेके
इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना ऑटो चालक तय क्षमता से ज्यादा बच्चों को बैठाकर स्कूल ले जाते हैं, जिससे बच्चों की जान खतरे में रहती है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। फिलहाल घायल बच्चे का उपचार किया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।