फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Vidisha News: विदिशा में रेत कारोबारियों की रंजिश बनी आगजनी की वजह; डंपर फूंका, स्कॉर्पियो तोड़ी

Thu, 11 Jun 2026 02:31 PM IST
विदिशा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विदिशा

विदिशा जिले में रेत के कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच चल रही तनातनी बुधवार देर रात हिंसक रूप ले गई। करैया खेड़ा गांव के पास हुए विवाद के बाद बाईपास पर खड़े एक डंपर में आग लगा दी गई और स्कॉर्पियो गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करैया खेड़ा क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर दो कारोबारी गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। कहासुनी ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के डंपर को निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी। इसी दौरान पास खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी के शीशे तोड़े गए और बोनट पर रॉड से हमला किया गया। आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब आधे घंटे में आग बुझाई, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

ये भी पढ़ें- मीनाक्षी नटराजन नामांकन विवाद: शीर्ष अदालत ने कल सुनवाई पर जताई सहमति, कांग्रेस की दलील पर क्या की टिप्पणी

सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि करैया खेड़ा क्षेत्र में दो रेत कारोबारियों के बीच आपसी रंजिश के चलते यह घटना हुई है। बाईपास पर डंपर में आगजनी और स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ की गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि तीन आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पूरे मामले की जांच सिविल लाइन थाना पुलिस कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरी साजिश का खुलासा हो सके। एएसपी प्रशांत चौबे ने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। रेत के कारोबार की आड़ में गुंडागर्दी करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।

देर रात हुई इस घटना के बाद करैया खेड़ा और बाईपास क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेत के अवैध कारोबार के कारण आए दिन विवाद होते हैं। कई बार धमकियां और मारपीट की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से रेत माफिया पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम अब रेत के अवैध परिवहन पर निगरानी बढ़ाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें