उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। निगहरी क्षेत्र से लौटते समय विधायक का काफिला जैसे ही ग्राम सीताफाल और हरवाह के बीच एक अंधे मोड़ के पास पहुंचा, उनकी नजर सड़क किनारे गिरे एक घायल व्यक्ति पर पड़ी। स्थिति को गंभीर समझते हुए विधायक ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर घायल की मदद शुरू कराई।
जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति की पहचान सूरजपुरा निवासी दादूराम सिंह के रूप में हुई है, जो किसी सड़क दुर्घटना के बाद दर्द से कराहते हुए सड़क किनारे पड़ा था। राहगीरों की नजर उस पर पड़ रही थी, लेकिन उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता की जरूरत थी। विधायक शिवनारायण सिंह ने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों को बुलाया और उनकी मदद से घायल को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर लिटवाया।
विधायक ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी और एम्बुलेंस भेजने का आग्रह किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विधायक खुद घायल को अपनी गाड़ी से अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे, ताकि इलाज में किसी तरह की देरी न हो। इसी बीच सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंच गई और प्राथमिक जांच के बाद घायल को एम्बुलेंस में शिफ्ट किया गया।
ये भी पढ़ें- ये कैसा फेयरवेल: मैहर की सड़कों पर छात्रों का हुड़दंग, नाबालिगों के हाथ में स्टेयरिंग; नियमों की उड़ी धज्जियां
विधायक शिवनारायण सिंह ने अपनी मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को सुनिश्चित किया, जिससे घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। चिकित्सकों का कहना है कि हादसे के बाद गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचने से दादूराम सिंह की स्थिति स्थिर हो पाई और बड़ा खतरा टल गया।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोग और सोशल मीडिया यूजर्स विधायक की इस संवेदनशील पहल की सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का ऐसा व्यवहार समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे आम जनता में भरोसा मजबूत होता है।