विश्व वन्य जीव दिवस के अवसर पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में जागरूकता सह साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने किया तथा उपसंचालक प्रकाश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में यह रैली निकाली गई। इसका उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण और वनों में आग न लगाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
इस रैली में टाइगर रिजर्व के विभिन्न परिक्षेत्रों के अधिकारी, कर्मचारी और सुरक्षा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही जिप्सी यूनियन, गाइड यूनियन और होटल यूनियन के प्रतिनिधियों ने भी इस आयोजन में अपना विशेष सहयोग दिया। साइकिलों की व्यवस्था अरण्यक रिसॉर्ट के सौजन्य से की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपसंचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ने हरी झंडी दिखाकर किया, जिसके बाद रैली परिक्षेत्रों के विभिन्न गांवों के लिए रवाना हुई। इस दौरान उपसंचालक, सहायक संचालक और परिक्षेत्र अधिकारियों ने भी साइकिल चलाकर लोगों को वन्य प्राणियों के संरक्षण और वनों में आग न लगाने का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम के दौरान जीरो फायर मिशन 2.0 का भी उद्घाटन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य वनों में आग की घटनाओं को शून्य तक पहुंचाना है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे वन संरक्षण में सहयोग करें और वनों को आग से बचाने के लिए सतर्क रहें।
इस रैली ने स्थानीय लोगों में पर्यावरण और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोग महुआ बिनने के लिए जंगल जाते हैं और जंगलों में आग लगा देते हैं, जिस कारण से आज कई बार जंगलों में फैल जाती है। जहां वन्य प्राणियों को भी आग का खतरा बना रहता है। इसीलिए वन अधिकारियों के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर ग्रामीणों को आग न लगाने की सलाह दी जाती है। इसके साथ लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है।