फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Umaria News: नौरोजाबाद में घरेलू हिंसा, बेरहमी से पिटाई के बाद पत्नी को किया आग के हवाले, 50 प्रतिशत झुलसी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया Updated Tue, 25 Mar 2025 09:16 AM IST

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जहां सरकारें सख्त कानून बना रही हैं, वहीं जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आती है। ताजा मामला नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम हड़हा का है। यहां घरेलू हिंसा की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के निवासी बिन्नू बैगा ने अपनी ही पत्नी बिसरती बैगा को पहले बेरहमी से पीटा और फिर उसे जलाने की कोशिश की।

घटना बीती रात की है, जब आरोपी पति शराब के नशे में धुत होकर घर आया और किसी बात पर पत्नी से झगड़ने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। पीड़िता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी, लेकिन आरोपी का गुस्सा फिर भी शांत नहीं हुआ। उसने खेत में रखी चने की फसल पर घायल पत्नी को डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

गंभीर रूप से झुलसी महिला अस्पताल में भर्ती
गांववालों के मुताबिक महिला की चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आग से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से झुलसी महिला को जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला 50 प्रतिशत से अधिक जल चुकी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, पीड़िता के बड़े बेटे रमेश बैगा ने बताया कि उनकी मां की हालत में कोई खास सुधार नहीं है और वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।

ये भी पढ़ें- पत्नी के पास पिता को बैठा देख बेटे को आया गुस्सा, चाकू घोप कर उतारा मौत के घाट

गांववालों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में
इस घटना में एक गंभीर पहलू यह भी है कि आरोपी पति शाम से ही पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था, लेकिन किसी भी ग्रामीण ने उसे रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। महिला बुरी तरह जल गई, तब जाकर लोग इकट्ठा हुए और उसे अस्पताल भेजा गया। यह समाज की उस मानसिकता को दर्शाता है जहां घरेलू हिंसा को निजी मामला समझकर अनदेखा कर दिया जाता है।

ये भी पढ़ें- Dr. Richa Death Case: खुद को इंजेक्शन लगाकर छोड़ दी दुनिया, बेवफाई से परेशान थी डॉ. ऋचा; पुलिस ने किया खुलासा

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी अब भी फरार
घटना की सूचना मिलने के बाद नौरोजाबाद थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। संबंधित अधिकारियों ने पीड़िता का बयान भी दर्ज कर लिया है। महिला ने अपने पति द्वारा किए गए अत्याचारों का खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि बिसरती बैगा काफी समय से अपने शराबी पति की प्रताड़ना सहन कर रही थी, लेकिन समाज और कानून के डर से कभी खुलकर शिकायत नहीं कर पाई।

घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता की जरूरत
यह घटना केवल एक महिला की पीड़ा नहीं है, बल्कि समाज के उस पक्ष को उजागर करती है, जहां घरेलू हिंसा के मामलों को नजरअंदाज किया जाता है। कानून बनने के बावजूद महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने और पुलिस-प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें