अब तक आंधी तूफान बे-मौसम बारिश और ओले गिरने के कारण फसलों के खराब होने की घटनाएं सामने आ रही थीं, लेकिन उज्जैन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पेड़ अचानक गिर पड़ा। जिससे पेड़ के पास खेल रहे बच्चों की जान भी जा सकती थी। वायरल वीडियो नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 48 की स्वाति विहार कॉलोनी का बताया जा रहा है, जिसमें आंधी तूफान के बीच यहां लगा वर्षों पुराना पेड़ अचानक से गिर गया। गनीमत रही कि इससे कोई जनहानि नहीं हुई। जबकि इस वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि पेड़ के आसपास आधा दर्जन से ज्यादा बच्चे सड़क पर खेल रहे हैं। इसी दौरान तेज आंधी तूफान से पेड़ अचानक से नीचे गिर गया। देखते ही देखते क्षेत्र में हड़कंप का माहौल हो गया। हालांकि इस घटना में एक बच्चे को मामूली खरोच आने की बात सामने आई है।
क्षेत्रीय पार्षद को कई बार करवाया था अवगत
क्षेत्रीय रहवासियों ने बताया कि पार्षद को कई बार अवगत करवा दिया गया था कि यह पेड़ बहुत पुराना हो गया है और कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ी घटना हो सकती है। अचानक पेड़ गिरने से क्षेत्र में हड़कंप मचा, जिससे क्षेत्रवासी दहशत में आ गए। वहीं, प्रशासन और नगर निगम इस पूरे मामले में कुछ भी कहने से बच रहा है।