माकड़ोन के समीप दो ग्रामों के लोगों को तेंदुआ नजर आने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है और शाम के बाद लोगों ने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है। पुलिस को जानकारी मिलने के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में भेजी गई है।
ये भी पढ़ें: Shivpuri News: टॉयलेट से निकलते ही गिरा 21 वर्षीय अनमोल, कार्डियक अरेस्ट से मौत; बढ़ती घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
माकड़ोन थाना प्रभारी प्रदीप राजपूत ने बताया कि दो दिन से समीप के ग्राम झुमकी और रावणखेड़ी के ग्रामीणों ने तेंदुआ देखा। खबर लगने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है और लोगों ने शाम के बाद घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है और इस बात की सूचना पुलिस को दी है। इस खबर के बाद पुलिस ने मुनादी कर लोगों को चेताया है कि वे रात के समय घरों से बाहर न निकलें और बच्चों को भी घर में ही रखें। साथ ही वन विभाग को भी खबर कर दी गई है, जिसके बाद वन विभाग की टीम भी तेंदुए की तलाश में रवाना कर दी गई है। फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग की टीम कुआं वृत्त क्षेत्र में मुस्तैद है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले भी आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने तेंदुआ दिखाई देने की बात कही थी, जिसके बाद वन विभाग की टीम लगातार अलर्ट मोड पर थी।