आस्था की 118 किलोमीटर लंबी पंचक्रोशी यात्रा आगामी 23 अप्रैल से शुरू होने वाली है। इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे, जिसकी व्यवस्थाओं को लेकर आज सुबह नवागत कलेक्टर रोशन कुमार सिंह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ यात्रा मार्ग पर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा में आने वाले किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी न आए ऐसी बेहतर व्यवस्था हमें करना है।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने सबसे पहले पंचक्रोशी यात्रा मार्ग अंतर्गत पड़ाव स्थल पिंगलेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधा का जायजा लिया।
ये भी पढ़ें- जमीन का सीमांकन करने पहुंची राजस्व टीम पर हमला, पटवारी-कोटवार को पीटा, दो किसान भी घायल
कलेक्टर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पिंगलेश्वर क्षेत्र में स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के आसपास के मार्ग को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए, ताकि आवागमन में सुगमता बनी रहे। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने पंचक्रोशी यात्रा मार्ग के त्रिवेणी शनि मंदिर पड़ाव स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने त्रिवेणी घाट की सफाई, फव्वारों की स्थापना एवं पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि यह सभी कार्य शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
ये भी पढ़ें- इंदौर से डेढ़ सौ किलोमीटर दूर बनेगा डायनासोर नेशनल पार्क, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
आपने पंचक्रोशी यात्रा मार्ग में आने वाले करोहन पड़ाव, नलवा पड़ाव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल पर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (P.H.E) विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।