भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंची थी, यहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी महाकाल मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। राहुल ने काफी वक्त मंदिर में गुजारा और अनुष्ठान पूरे किए। इससे पहले राहुल गाधी 23 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचे थे और ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए थे। राहुल ने सात दिन के अंदर उज्जैन और खंडवा में ज्योतिर्लिंगों के दर्शन किए। वहीं, अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की शिवभक्ति सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। इससे पहले उन्होंने पिछले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उज्जैन स्थित महाकाल के भी दर्शन किए थे। महाकाल के दर्शन इंदिरा गांधी से लेकर, राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी कर चुके हैं। राहुल गांधी की दादी और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने दिसंबर 1979 में सत्ता में लौटने से पहले महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए थे। बाद में उनके पिता राजीव गांधी ने 23 अप्रैल 1987 में प्रधानमंत्री रहते हुए भगवान महाकाल के दर्शन किए जबकि उनकी मां सोनिया गांधी साल 2008 में यहां आईं थीं।