बाबा महाकालेश्वर के दर्शन करने प्रतिदिन देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। बाबा महाकाल के दरबार में कई फिल्मी सितारें भी भस्म आरती देखने और महाकाल का आशीर्वाद लेने आते हैं। इसी कड़ी में बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा भी आज उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं और विशेष पूजा-अर्चना की। एक्ट्रेस ने महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और भस्म आरती देखी। इस दौरान उन्होंने अपना अनुभव भी शेयर किया।
महाकालेश्वर मंदिर पहुंची नुसरत भरूचा ने नंदी हॉल में भगवान महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने भस्म आरती से लेकर बाबा का शृंगार देखा। इस दौरान एक्ट्रेस काले रंग का सूट पहने बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आईं। एक्ट्रेस हाथ जोड़े एकटक बाबा का निहारती दिखीं। उन्होंने अपने माथे पर तिलक लगाया हुआ था। दर्शन करने के बाद नुसरत बेहद ही खुश नजर आईं। दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से इंजीनियर शिवकांत पांडे द्वारा स्वागत एवं सत्कार किया गया।
इन फिल्मों में किया अभिनय
सोनू की टीटू की स्वीटी, प्यार का पंचनामा, ड्रीम गर्ल जैसी फिल्मों में अभिनय करने वाली प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री नुसरत भरूचा मंगलवार को महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। जहां नुसरत ने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान श्री महाकालेश्वर जी का आशीर्वाद लिया।
ये भी पढ़ें- Year Ender 2025: संगठन में नई जान पर बयानों से पार्टी हलकान! 2025 की विदाई से पहले दिग्गी और जोशी ने फोड़ा बम
यहां आकर मन को शांति मिलती है
दर्शन के बाद नुसरत ने कहा कि वह महाकाल मंदिर दर्शन के लिए दूसरी बार आई हैं। नववर्ष पर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए वह उज्जैन पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें सभी दर्शन सुचारु रूप से हो गए और मंदिर समिति द्वारा की गई व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं। नुसरत ने कहा कि भगवान महाकाल को जल अर्पित करने के लिए अलग से स्थान बनाया गया है, जो उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि यहां आकर मन को शांति मिलती है और हर साल बाबा महाकाल के दर्शन करने की इच्छा रहती है।