पंवासा पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी कुख्यात बदमाश अमजद पिता रहीम खान (36) निवासी ग्राम ताजपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जानकारी के अनुसार अमजद पुलिस को देखकर बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन पिंगलेश्वर रोड पर उसकी बाइक फिसल गई और वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गिरने से उसकी एक टांग टूट गई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया और उसका जुलूस भी निकाला।
तलाशी के दौरान अमजद के पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने हथियार और बाइक जब्त करते हुए उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घायल होने पर आरोपी को इलाज के लिए चरक अस्पताल भेजा गया।
ये भी पढ़ें: खबरों के खिलाड़ी: इंदौर के सिस्टम में लीकेज, जब नल से आने वाले पानी से ही भरोसा टूट गया; तो फिर बचा ही क्या?
अमजद खान पंवासा क्षेत्र का कुख्यात अपराधी बताया गया है। वर्ष 2013 से वह लगातार गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उज्जैन सहित आसपास के जिलों के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ 15 से अधिक गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। पंवासा थाने में दर्ज डकैती और अवैध हथियार के मामले में ही उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी गौवंश वध और गौमांस तस्करी जैसे अपराधों में भी संलिप्त रहा है, जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव और शांति भंग होने की आशंका बनी रहती थी। ग्राम ताजपुर और आसपास गौवंश वध की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश था।