बुधवार सुबह टीकमगढ़ शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ सड़क पर उतरे। इस दौरान उन्होंने शहर का भ्रमण किया और लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी जानी।
नगर पालिका के अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू मलिक ने सीएमओ के साथ शहर के गांधी चौराहा, हिमाचल की गली, स्टेट बैंक चौराहा, सिविल लाइन का भ्रमण किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। पप्पू मलिक ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल रही थी कि गलियों में सफाईकर्मी नहीं पहुंच रहे हैं। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और सफाई कर्मियों को कहीं पर भी गंदगी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
बता दें कि टीकमगढ़ नगर पालिका के अध्यक्ष पप्पू मलिक के खिलाफ 19 पार्षदों ने 20 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव लगाकर कलेक्टर को अपने शपथ पत्र दिए हैं। अविश्वास प्रस्ताव लगने के बाद वह पहली बार शहर की सड़कों पर निकाले सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। टीकमगढ़ नगर पालिका परिषद में कुल 27 वार्ड हैं, जिनमें से 19 पार्षद अध्यक्ष के खिलाफ हैं, जो उनके विरोध में अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए हैं।