टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर होप स्कूल के पास एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की हत्या की गई है या सड़क हादसे में उसकी मौत हुई है, यह अब तक साफ नहीं हो सका है।
देहात थाना प्रभारी रवि गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान टीकमगढ़ शहर के अंबेडकर तिराहे के पास रहने वाले राहुल सूत्रकार के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह सड़क किनारे लाश मिलने की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के जूते और कपड़े अलग-अलग जगह पड़े थे और पास में एक मोबाइल फोन मिला। मोबाइल से नंबर डायल कर मृतक की पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई।
मृतक के शरीर पर चोट के निशान
पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर और सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह सड़क दुर्घटना है या हत्या। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।