फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टीकमगढ़ में युवक पर जानलेवा हमला: चाकू और बीयर की बोतल से किया लहूलुहान, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

Fri, 07 Aug 2026 10:46 AM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़

टीकमगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू और बीयर की कांच की बोतल से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार चकरा कुंज निवासी 27 वर्षीय अजय यादव अपने भाई महेंद्र यादव के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। अजय ने पुलिस को बताया कि वह निजी चौकीदारी का कार्य करता है। गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह गिरी गृहस्थी मार्केट रंग का डिब्बा खरीदने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अनिरुद्ध यादव, ऋषभ यादव और रमन यादव मिल गए।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उससे पूछा कि वह अपने भतीजे छोटू यादव के साथ शिकायत लेकर थाने क्यों गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने पहले बीयर की कांच की बोतल से हमला किया, जिससे अजय घायल हो गया। इसके बाद चाकू से कई वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और घायल युवक को वहीं तड़पता छोड़ दिया।

ये भी पढ़ें- बड़वानी में दर्दनाक घटना: महिला ने दो मासूम बच्चों संग 60 फीट गहरे कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत

स्थानीय लोगों की मदद से घायल अजय यादव को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के शरीर पर धारदार हथियार और कांच से चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्जकर प्रकरण कायम किया है। वही, पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की विवेचना जारी है। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें