मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में गुरुवार सुबह सनातन हिंदू एकता पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। इस पदयात्रा का नेतृत्व बागेश्वर धाम के संत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कर रहे हैं। यात्रा में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, और उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक राजा भैया भी शामिल हुए। तीनों नेता संत शास्त्री के साथ पैदल यात्रा करते नजर आए।
उत्तर प्रदेश के कुंडा से विधायक राजा भैया ने यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, "यह यात्रा राष्ट्र और धर्म की एकता के लिए आवश्यक है। हिंदू समाज में जाति-पाति का अंत होना चाहिए। बागेश्वर धाम के संत का यह प्रयास सराहनीय है और ऐसी यात्राएं समाज में जागरूकता लाने का माध्यम बनती हैं।"
इस पदयात्रा का शुभारंभ 21 नवंबर को छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम से हुआ था। मंगलवार रात यह यात्रा निवाड़ी जिले में प्रवेश कर घुघसी गांव में विश्राम के बाद बुधवार सुबह पुनः शुरू हुई। रात्रि में यात्रा निवाड़ी पहुंची, जहां विश्राम के बाद गुरुवार सुबह ओरछा के लिए प्रस्थान किया। लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हैं।
ओरछा में रात्रि विश्राम
संत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने यात्रा का उद्देश्य बताते हुए कहा कि यह पदयात्रा सनातन धर्म में जातिवाद, भेदभाव और छुआछूत मिटाने के लिए आयोजित की गई है। गुरुवार रात यह यात्रा ओरछा के तिगैला पहुंचेगी, जहां विश्राम के बाद यात्रा आगे बढ़ेगी। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु धर्म और समाज सुधार के संदेशों को आत्मसात कर रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि यह यात्रा हिंदू समाज में एकता और समरसता को बढ़ावा देने का एक अनूठा प्रयास है।