टीकमगढ़ जिले के लिधौरा तहसील के शासकीय प्राथमिक शाला हरिजन बस्ती ग्राम पंचायत गोटेट में आज अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल के शौचालय की दीवार गिरने से 4 बच्चे उसके नीचे दब गए। ये बच्चे शौचालय के पास ही खेल रहे थे कि अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। आनन-फानन में स्कूल में मौजूद शिक्षकों और ग्रामीणों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लिधौरा ले जाया गया, जहां से 4 गंभीर घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल, टीकमगढ़ रैफर कर दिया गया है।
घायल बच्चों रोशनी, प्रिंसी, राजा और कामिनी को जिला अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उपचार दिया जा रहा है। मामले की जानकारी लगते ही कलेक्टर अवधेश शर्मा तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायल बच्चों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि दीवार काफी समय से कमजोर थी और ग्रामीणों ने इसकी सूचना शिक्षा विभाग को दी थी लेकिन अधिकारियों ने लापरवाही दिखाते हुए न तो मरम्मत कराई और ना ही उसे पूरी तरह से गिराया, जिस कारण हादसा हो गया।