फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tikamgarh News: रेडीमेड कपड़ा शोरूम में भीषण आग, फर्नीचर दुकान तक फैली लपटें; दमकल की मशक्कत जारी

Fri, 03 Apr 2026 12:19 PM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़

टीकमगढ़ शहर के कलेक्ट्रेट रोड स्थित चकरा तिराहा के पास शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे एक रेडीमेड कपड़ा शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान से उठते घने धुएं और तेज लपटों को देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में शोरूम के अंदर रखे कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक होने लगे। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।

घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी दुकानों से सामान बाहर निकालते नजर आए। आग की तेज लपटें पास स्थित एक फर्नीचर दुकान तक भी पहुंच गईं, जिससे नुकसान का दायरा और बढ़ गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

ये भी पढ़ें- MLA Membership Terminated: दतिया विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म, देर रात जारी हुआ आदेश; सीट रिक्त घोषित

बताया जा रहा है कि नगर पालिका में उपलब्ध दो फायर ब्रिगेड में से एक वाहन खराब पड़ा है, जिसके कारण आग बुझाने में दिक्कतें आईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास की नगर परिषदों से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए हैं। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और दमकल कर्मी मौजूद हैं और आग बुझाने के प्रयास लगातार जारी हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल से दूर रहें और बचाव कार्य में सहयोग करें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें