फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Niwari News: लिफ्ट मांगने के बहाने रोका, फिर दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देकर मांगे 10 लाख, तीन आरोपी गिरफ्तार

Thu, 27 Mar 2025 09:23 PM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, निवाड़ी

निवाड़ी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिखन गांव रोड पर लिफ्ट देने के बहाने एक व्यक्ति को बंधक बनाकर उस पर झूठे दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोप लगाने का दबाव बनाया गया और 10 लाख रुपये की मांग की गई। पुलिस ने इस गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी महिला अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के पास से फरियादी की बाइक और मोबाइल बरामद कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ज्योति ठाकुर ने बताया कि यह घटना टेहरका थाना क्षेत्र के जिखन गांव रोड पर 24 मार्च को हुई। टीकमगढ़ जिले के बमोरी कला पुलिस थाने के बाबई गांव निवासी रामकिशोर राजपूत अपनी बाइक से गांव जा रहे थे, तभी रास्ते में एक महिला ने लिफ्ट मांगी। जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, महिला के सहयोगी वहां पहुंच गए और उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उन पर झूठे दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोप लगाने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की मांग की गई। रामकिशोर ने अपनी जान बचाने के लिए अपने बेटे को फोन कर 10 लाख रुपये लाने को कहा। जब उनका बेटा अपने गांव के अन्य सहयोगियों के साथ बोलेरो गाड़ी से मौके पर पहुंचा, तो आरोपी फरार हो गए और फरियादी की बाइक व मोबाइल लेकर भाग निकले।

ये भी पढ़ें- गुना में मरीजों की जगह खरबूजे लेकर पहुंची एम्बुलेंस, लोगों ने वीडियो बनाया तो ड्राइवर मौके से फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की सहायता से मामले का पर्दाफाश किया गया। एएसपी ज्योति ठाकुर ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों हरप्रसाद (निवाड़ी जिले के टेहरका निवासी), गोविंद यादव (झांसी जिले के कटरा निवासी), हीरालाल कुशवाहा (टीकमगढ़ जिले के पहाड़ी बुजुर्ग निवासी) को गिरफ्तार किया गया है। घटना की मुख्य आरोपी महिला रानी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी के सामने स्पीच देने जा रही है इंदौर की होनहार बेटी

गिरोह का तरीका
पुलिस जांच में पता चला कि यह गिरोह लिफ्ट मांगने के बहाने लोगों को फंसाता था। गिरोह की महिला सदस्य सड़क किनारे खड़ी होकर लिफ्ट मांगती थी। जैसे ही कोई बाइक चालक रुकता, अन्य आरोपी उसे घेरकर झूठे दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोप लगाने की धमकी देकर पैसों की मांग करते थे। इस घटना में, चूंकि आरोपी संख्या में कम थे और फरियादी के सहयोगी मौके पर पहुंच गए थे, इसलिए आरोपी भाग निकले और मामला उजागर हो गया।


 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें