सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के टिकरी चौकी अंतर्गत ग्राम कंजवार में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। पूर्व सरपंच अजीत सिंह के घर में चोरी करने आए चोर भागते वक्त हादसे का शिकार हो गए। ग्रामीणों की सजगता और सूझबूझ से चोरों की चालाकी काम नहीं आई। चोरी के बाद फरार हो रहे चोरों की अल्टो कार अनियंत्रित होकर धान के खेत में पलट गई, जिसके बाद चोर मौके से भाग खड़े हुए।
ये भी पढ़ें- कटनी नीलेश रजक हत्याकांड: आरोपियों का शाॅर्ट एनकाउंटर, फायरिंग में दो घायल; इलाज के लिए जबलपुर रेफर
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात की है। पूर्व सरपंच अजीत सिंह ने बताया कि रात करीब 2 बजे घर में चोरी की आहट सुनाई दी। जब वे बाहर निकले तो कुछ लोग अल्टो कार में बैठकर भागते दिखे। उन्होंने तुरंत गांव के लोगों को फोन कर सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने आस-पास के रास्तों को ब्लॉक कर दिया और चोरों का पीछा शुरू किया। घबराए चोरों ने भागने के चक्कर में कार की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर धान के खेत में जा गिरा।
ये भी पढ़ें- तुमको नौकरी करना है तो कंप्रोमाइज करना पड़ेगा, खुश रखो; नर्स से छेड़छाड़ करने वाले दो डॉक्टरों पर FIR
ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो चोर कार छोड़कर जंगल की तरफ फरार हो गए। कार की तलाशी लेने पर घर का चोरी हुआ सामान, लगभग 15 हजार रुपए नकद और चोरों के मोबाइल फोन भी बरामद हुए। सुबह होते ही पूर्व सरपंच अजीत सिंह ने टिकरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लिया गया। जांच के दौरान यह पाया गया कि गाड़ी पर लगा नंबर प्लेट फर्जी है और वाहन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। आरटीओ विभाग से चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी मांगी गई है।